वार्ता | Dec 01, 2013 at 06:53pm | Updated Dec 01, 2013 at 07:07pm
ग्वालियर। मध्यप्रदेश के ग्वालियर स्थित रक्षा अनुसंधान एवं विकास प्रतिष्ठान (डीआरडीई) की पूर्व छात्रा के साथ छेड़छाड़ के मामले में एक वैज्ञानिक पर मामला दर्ज करने के बाद उसकी तलाश शुरू कर दी गई है। पुलिस सूत्रों के अनुसार डीआरडीई में पदस्थ वैज्ञानिक प्रभात गर्ग पर शनिवार को विश्वविद्यालय थाना पुलिस ने पीड़िता के पति की शिकायत पर छेड़छाड़ और जान से मारने की धमकी देने का मामला दर्ज किया।
आरोपी वैज्ञानिक के अवकाश पर हैं और उनका मोबाइल फोन बंद मिल रहा है। इसके बाद उनकी तलाश के लिए पुलिस प्रशासन ने अलग-अलग जांच दल गठित कर दिए हैं। आरोप के मुताबिक वैज्ञानिक मई 2010 में डीआरडीई में प्रशिक्षण लेने आई एक छात्रा के साथ छेड़छाड़ करता था। आरोपी उसे अक्सर धमकाते हुए परेशान भी करता था।
दो साल पहले छात्रा का विवाह होने के बाद वह कर्नाटक चली गई। हाल ही में आरोपी ने उसे फोन करके उस पर ग्वालियर आने के लिए दवाब डाला। इसके बाद पीड़िता ने इसकी जानकारी अपने पति को दी और फिर वह पति के साथ यहां पहुंची। दरअसल छात्रा के पिता नहीं थे। आरोपी ने छात्रा को मुश्किल हालातों से निकालने के नाम पर उसकी मदद की और इसके चलते वह छात्रा के घर भी आने-जाने लगा था। इसी दौरान उसने छेड़छाड़ शुरू कर दी थी।
Leave a Reply